Ad image

Weather: पूर्वी भारत में पांच दिन और जारी रहेगी लू, ओडिशा में 36 की मौत; दिल्ली-NCR में हल्की बारिश

News Desk
4 Min Read
@indiatvhindi
Weather

नई दिल्ली। भारत के पूर्वी हिस्से, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अगले पांच दिनों तक लू की स्थिति बनी रहेगी। ओडिशा में भीषण गर्मी की वजह से अब तक 36 लोगों की जान जा चुकी है। बुधवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश ने ठंडक का एहसास कराया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई। प्रचंड गर्मी के बाद उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश की संभावना है।

उत्तर भारत में भीषण गर्मी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के कई इलाकों में गर्म हवाएं चलीं। मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी भी चली। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और निकटवर्ती मध्य भारत के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक था। इस दौरान उत्तर प्रदेश के झांसी में सबसे अधिक तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश

इस दौरान उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मूसलाधार बारिश हुई। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र में भी कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई।

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में राहत

weather

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में यलो अलर्ट के बीच बुधवार को लाहौल-स्पीति और चंबा की चोटियों पर भारी बर्फबारी हुई। शिमला समेत किन्नौर, कुल्लू, चंबा, सोलन और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। जिला कुल्लू के दलाश, कांगड़ा के पालमपुर और बैजनाथ में भारी ओलावृष्टि हुई। इस बदले मौसम से प्रदेश में गर्मी से कुछ राहत मिली है।

जम्मू में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे प्रचंड गर्मी झेल रहे जम्मूवासियों को राहत मिली। जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी धूलभरी आंधी और बारिश से मौसम में बदलाव आया है।

Read More:एप्पल iPhone 16 प्रो सीरीज में आ सकती है सबसे पतली बेजल्स

ओडिशा में गर्मी का कहर

ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में है और राज्य में अब तक लू और गर्मी से संबंधित अन्य बीमारियों से 36 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को जारी सरकारी आकड़ों में इस बात का जिक्र है कि गर्मी से संबंधित बीमारियों से 151 लोगों की मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई। इनमें से 36 की लू से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 31 मौतों का कारण लू नहीं पाया गया। 84 मामलों में अभी रिपोर्ट आनी बाकी है।

सावधान रहें

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में पंजाब, हरियाणा, बिहार, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के ज्यादातर इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है। 6-9 जून तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी लू चल सकती है। इन क्षेत्रों में रात के समय भी गर्मी महसूस की जाएगी और नमी बनी रहेगी।

Share This Article
Follow:
Welcome to The News Break! हम दुनिया भर से नवीनतम सुर्खियों, ब्रेकिंग न्यूज और गहन विश्लेषण के लिए आपके जाने-माने स्रोत हैं। हमारा मिशन आपको सबसे महत्वपूर्ण कहानियों से अवगत, संलग्न और जुड़े रखना है।
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version