Ad image

Microsoft Outage: क्राउडस्ट्राइक कर्मी ने माइक्रोसॉफ्ट सर्वर डाउन करने की ली जिम्मेदारी, वायरल हुआ झूठ!

News Desk
4 Min Read
Microsoft Outage

नई दिल्ली। शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर डाउन होने से दुनियाभर में हड़कंप मच गया। एयरलाइंस, बैंकिंग, वित्तीय संस्थान और टीवी चैनल्स इस तकनीकी संकट से प्रभावित हुए। एक अपडेट के चलते माइक्रोसॉफ्ट के ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाले कंप्यूटरों ने काम करना बंद कर दिया। साइबर सुरक्षा फर्म क्राउडस्ट्राइक के एक एंटी वायरस प्रोग्राम फाल्कन सेंसर को अपडेट करने के कारण यह संकट उत्पन्न हुआ।

वायरल हुई विंसेंट की पोस्ट

इस आईटी संकट के कारणों और जिम्मेदार व्यक्ति को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी बीच, विंसेंट फ्लीबस्टियर नामक एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर खुद को क्राउडस्ट्राइक का कर्मचारी बताते हुए दावा किया कि उसकी गलती के कारण माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन हुआ और पूरी दुनिया इससे प्रभावित हुई। विंसेंट ने अपने पोस्ट में क्राउडस्ट्राइक के ऑफिस में अपनी एक तस्वीर साझा की और लिखा, “क्राउडस्ट्राइक में पहला दिन। एक छोटा सा अपडेट किया और फिर दोपहर में छुट्टी ले ली।”

विंसेंट की यह फोटो कुछ ही समय में वायरल हो गई। लाखों लोगों ने इसे लाइक किया और 36 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे शेयर किया।

विंसेंट के झूठ को लोगों ने सच माना

बाद में पता चला कि विंसेंट ने सिर्फ मजाक किया था, लेकिन तब तक लाखों लोग इसे सच मान चुके थे। करीब दो घंटे बाद विंसेंट ने एक और पोस्ट किया, जिसमें उसने लिखा कि कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया है। विंसेंट ने लिखा, “सिस्टम एडमिन के रूप में मेरा क्राउडस्ट्राइक में पहला दिन था और अति उत्साह में मैंने एक छोटा सा अपडेट किया और फिर घर चला गया, लेकिन शायद मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। मुझे बिना टेस्टिंग के अपडेट को प्रोडक्शन में नहीं डालना चाहिए था। इससे तकनीकी समस्या हुई और मुझे नौकरी से निकाल दिया गया।”

विंसेंट ने बताया क्यों उसने झूठ बोला

विंसेंट एक व्यंग्यात्मक लेखक है, जो नॉर्डप्रेस नामक एक बेल्जियन पैरोडी न्यूज वेबसाइट का संचालन करता है। एक टीवी बातचीत में विंसेंट ने कहा कि लोग उन कहानियों पर विश्वास करते हैं, जो उनकी पूर्वधारणा से मेल खाती हैं। विंसेंट ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर डाउन को लेकर किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली थी और सोशल मीडिया पर कई तरह की साजिशों के दावे किए जा रहे थे। ऐसे में लोगों को एक ऐसा व्यक्ति चाहिए था, जो इसकी जिम्मेदारी ले। लोगों को नई जानकारी चाहिए थी और फर्जी जानकारी हमेशा नई होती है क्योंकि उन्हें कहीं और नहीं पढ़ा गया होता है। विंसेंट ने बताया कि इसी लिए उसने खुद को माइक्रोसॉफ्ट सर्वर डाउन होने के लिए जिम्मेदार ठहराया। कई यूजर्स ने विंसेंट के मजाक को समझ लिया था, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने उसकी बात को सच मान लिया।

यह भी पढ़ें:

Share This Article
Follow:
Welcome to The News Break! हम दुनिया भर से नवीनतम सुर्खियों, ब्रेकिंग न्यूज और गहन विश्लेषण के लिए आपके जाने-माने स्रोत हैं। हमारा मिशन आपको सबसे महत्वपूर्ण कहानियों से अवगत, संलग्न और जुड़े रखना है।
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version